बाढ़ की जद में आए छह मकान
अयोध्या। एबी तटबंध मांझा बलुईया में सैकड़ों बीघा खेत व आधा दर्जन आवासीय मकान बाढ़ की जद में आ गए हैं। जिसको लेकर कछार में दहशत का माहौल है, लोग ऊंचे स्थानों पर शरण ले रहे हैं। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के अभियंता विनय कुशवाहा ने बताया कि सरयू लाल निशान से 9 सेमी. ऊपर बह रही है। हालांकि जलस्तर में वृद्धि का क्रम थम गया है, लेकिन जलस्तर में अभी और वृद्धि संभव है। बाढ़ खंड के अधीक्षण अभियंता जेपी यादव का कहना है कि हम बाढ़ की स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए हैं। बाढ़ चौकियों पर समस्त संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। एबी व रौनाही तटबंधों को अभी कोई खतरा नहीं है।