नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार दिनदहाड़े काली बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक रेडीमेड कपड़ा प्रतिष्ठान के सेल्समैन से 50 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पुलिस ने मौका-मुआयना कर वारदात की जांच-पड़ताल की है। पुलिस का कहना है कि जांच कराई जा रही है।
कैंट थाना क्षेत्र के सहादतगंज के रोहित तिवारी पुत्र राजेंद्र तिवारी का कहना है कि वह नगर कोतवाली के चौक क्षेत्र के कनक चित्र मंदिर स्थित प्रदीप कुमार गुप्ता के रेडीमेड कपड़ा प्रतिष्ठान पर काम करता है।
दुकान मालिक ने बुधवार सुबह 11 बजे उसको पांच-पांच सौ के 99 नोट कुल 50 हजार 500 रुपये दिए और पंजाब नेशनल बैंक की बजाजा शाखा में जमा करने को भेजा। साथ ही लौटते समय चौक घंटाघर स्थित जूता शोरूम से जूता लेने को कहा था।
वह बैंक पहुंचा और रुपये जमा करने को लाइन में खड़ा हुआ, लेकिन भीड़ ज्यादा देख पहले जूता खरीदने को सोचा और पैदल ही घंटाघर की ओर चल दिया। इसी दौरान काली रंग की अपाची सवार दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उसके हाथ से रुपये छीन लिए और फतेहगंज की ओर भाग निकले।
मामले की जानकारी दुकान मालिक व पुलिस को दी गई। एसपी सिटी आरएस गौतम ने बताया कि युवक रकम जमा करने बैंक गया था। सीसीटीवी फुटेज में वह परिसर में फार्म भरते दिखा है। हालांकि आसपास के लोग ऐसी किसी घटना की ताकीद नहीं कर रहे हैं। सेल्समैन से पूछताछ की जा रही है।