युवती ने ट्रेन से कटकर दी जान, शिनाख्त नहीं
कोछा बाजार (फैजाबाद)। बीकापुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खजुरहट रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर पहले देवापुर आउटर के पास रविवार भोर फैजाबाद से इलाहाबाद जा रही सरजू एक्सप्रेस से कटकर करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवती की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार भोर में फैजाबाद से इलाहाबाद की तरफ जा रही है सरयू एक्सप्रेस गाड़ी संख्या 14126 आउटर के पास से गुजर ही रही थी कि अचानक पूरब दिशा से करीब 20 वर्षीय किशोरी दौड़ती हुई आई और ट्रेन के सामने कूद गई। जिससे उसकी मौत हो गई। बीकापुर कोतवाली उपनिरीक्षक विवेक कुमार राय पुलिस बल के साथ पहुंच कर खोजबीन शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक आरके राणा ने बताया कि मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी पहचान नहीं हो पाई है, प्रयास किया जा रहा है।