बड़ागांव। लखनऊ-फैजाबाद रेल प्रखंड के देवराकोट-सोहावल रेलवे स्टेशन के बीच लखनऊ से फैजाबाद आने वाली पैसेंजर ट्रेन के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई।
इससे ट्रेन देवराकोट-सोहावल स्टेशन के बीच दुनिया का पुरवा के गेट नंबर 134 के पास 56 मिनट तक खड़ी रही। बाद में ड्राइवर की सूझबूझ से ट्रेन सोहावल स्टेशन तक पहुंची। इसके कारण भीषण गर्मी में यात्री परेशान रहे।
सोहावल स्टेशन अधीक्षक राम प्रताप ने बताया कि 54232 अप पैसेंजर ट्रेन देवराकोट स्टेशन से 8:30 बजे फैजाबाद के लिए रवाना हुई।
इस दौरान गेट नंबर-134 के पास इंजन में कुछ खराबी आ गई, जिसे तत्काल ठीक करने का प्रयास किया, खराबी दूर होने के बाद ट्रेन सोहावल स्टेशन पहुंची।
इसके कारण जम्मूतवी एक्सप्रेस 10 मिनट सोहावल में खड़ी रही। फैजाबाद से मिली जानकारी के अनुसार पैसेंजर ट्रेन फैजाबाद सुबह 10:15 पर पहुंची।
ये ट्रेन लखनऊ से फैजाबाद सुबह 4:40 बजे रवाना होती है, जो सुबह करीब 7:21 बजे सोहावल व 8:55 बजे फैजाबाद पहुंचती है।