चोरी के गहनों समेत दो दबोचे
अयोध्या। चौक स्थित सर्राफा की दो दुकानों पर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पकड़े गए दोनों आरोपियों ने शहर में चोरी की पांच वारदातें करना कुबूला है। इनके पास से चोरी के गहने व नकब लगाने का सामान बरामद हुआ है।
सीओ सिटी अरविंद चौरसिया ने बताया कि बीते तीन मार्च को चौक स्थित सर्राफा की दो दुकानों चोरी हुई थी। आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए थे। घटना की जांच कर रही कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार शाम देवकाली अंडरपास के पास से समीर उर्फ दानिश निवासी कांशीराम कॉलोनी अयोध्या व अल्ताफ निवासी बछड़ा सुल्तानपुर कोतवाली नगर को गिरफ्तार किया।
जबकि सूफियान निवासी नेवातीपुरा कोतवाली नगर मौके से भाग निकला। पकड़े गए समीर व अल्ताफ ने पूछताछ में चौक स्थित सर्राफा की दो दुकानों समेत अश्वनीपुरम, कृष्णानगर कॉलोनी स्थित काली माता मंदिर, त्रिभुवन नगर कॉलोनी जनौरा में चोरी की वारदात करना कुबूल किया है।
इनके पास से 31 जोड़ी चांदी की पायल, तीन सोने की अगूंठी, एक किलो चांदी की सिल्ली, 15 हजार रुपये कैश, एक बाइक व नकब लगाने का सामान बरामद हुआ है। सीओ ने बताया कि आरोपी समीर उर्फ दानिश पर नगर कोतवाली, कैंट व पटरंगा थाने में छह केस दर्ज हैं। वहीं, अल्ताफ पर नगर कोतवाली में पांच केस दर्ज हैं।