उचक्कों ने युवक से ठगे 35 हजार रुपये
बीकापुर- बैंक में पैसा जमा करने गये युवक को झांसा देकर दो उचक्कों ने 35 हजार रुपये ठग कर फरार हो गये। पीड़ित ने पुलिस में तहरीर दी है।
हैदरगंज थानाक्षेत्र के मऊ निवासी बद्री प्रसाद पुत्र धर्मराज गुरुवार सुबह करीब 11 बजे बैंक ऑफ बड़ौदा चौरे बाजार शाखा में पैसा जमा करने गया था। अनपढ़ होने के चलते उसने जमा पर्ची भरने के लिए बैंक में मौजूद एक युवक से मिन्नत की। युवक के साथ एक दूसरा युवक भी था। दोनों ने बैंक के बाहर चलकर पर्ची भरने की बात कही। बद्री प्रसाद उनके बहकावे में आ गया। चौरे बाजार में निधियावां मोड़ के समीप एक पेड़ के पास रुक कर पर्ची भरने के बाद दोनों युवकों ने बद्री प्रसाद से पर्ची के साथ 35 हजार रुपये ले लिए और अपना रुमाल पकड़ा दिया कहा कि रुमाल के अंदर दो लाख रुपये हैं तुम्हारा 35 हजार जमा करने के बाद अपना पैसा जमा करूंगा इसे सम्भाल कर रखो। बैंक के पास पहुंचने पर दोनों युवक 35 हजार रुपया लेकर फरार हो गये। बद्री प्रसाद ने रुमाल खोलकर देखा तो उसमें रद्दी कागज की गड्डी रखी थी। अपने को ठगा पाकर बद्री प्रसाद घर लौट आया और ग्राम प्रधान बंशराज के साथ पुलिस चौकी पहुंचकर तहरीर दी। ग्राम प्रधान बंशराज ने बताया कि पीड़ित युवक कोलकाता में ईंट भठ्ठे पर काम करता है। एक माह पूर्व घर वापस आया था गुरुवार को पैसा जमा करने बैंक गया था वहां ठगी का शिकार हो गया। चौकी प्रभारी शरद कुमार ने बताया कि वे मीटिंग में हैं अभी उन्हें जानकारी नहीं है।