आरोपियों के विरुद्ध शांतिभंग की आशंका में चालान
तारुन (फैजाबाद)। थाना क्षेत्र के केसरुआ बुजुर्ग मजरे जगदीशपुर पटखापुर में शुक्रवार शाम जमीन विवाद को लेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष की एक महिला सहित वृद्ध को लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी बाप-बेटे के विरुद्ध रिपोर्ट न लिखकर शांतिभंग की आशंका में शुक्रवार को चालान कर दिया।
गांव में रामानंद कोरी की भूमि है, जिस पर उसने नीबू का पेड़ लगा रखा था, जिसे पड़ोसी के परिवारीजनों ने उखाड़कर फेंक दिया। रामानंद का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो पड़ोसी व उनके बेटे ने लाठियों से उस पर व उनकी बहू मालती पर हमला बोल दिया।
इसमें रामानंद का सिर फट गया और गर्दन के नीचे की हड्डी टूट गयी है। बहू मालती के शरीर व सिर में चोटें आई है। रामानंद का आरोप है कि पुलिस ने उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी, बल्कि आरोपी पिता-पुत्र का महज शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि घटना की जांच व पीड़ितों की डॉक्टरी परीक्षण के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।