मवई मांजनपुर गांव का मामला, आठ पीड़ितों ने दी तहरीर
पटरंगा (फैजाबाद)। मवई थाना क्षेत्र के मांजनपुर गांव निवासी आठ ग्रामीणों को विदेश भेजने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों ने इस बाबत थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
मवई थाना क्षेत्र के मांजनपुर गांव के आठ ग्रामीणों से बाराबंकी के असंद्रा थाना क्षेत्र के ढेमा गांव निवासी वसीउद्दीन मोहम्मद उर्फ हग्गन ने ग्रामीणों को बताया कि उसकी विदेश में लोगों से जान पहचान है, वह सभी को एक अच्छा रोजगार दिलवा देगा।
उसके बहकावे में आकर आठ युवकों ने मिलाकर पांच लाख रुपये दिए। रुपए देने के बाद जब युवकों ने विदेश भेजने की बात की तो वह आनाकानी करने लगा। इसी तरह दो साल बीत गए और उसने किसी भी ग्रामीण को विदेश नहीं भेजवाया।
इसके बाद युवकों द्वारा दबाव डालने पर उसने दबंगई दिखाते हुए रकम वापस देने से साफ मना करा दिया। इसके बाद पीड़ितों की ओर से इसकी लिखित शिकायत थाने पर की गई।
बहकावे में आने वाले मांजनपुर गांव निवासी राम बालक ने 55 हजार, रामसुरेश 80 हजार, रंगीलाल 50 हजार, राकेश कुमार 50 हजार, दिलीप कुमार ने 80 हजार, अरविंद कुमार 59 हजार, इंद्रजीत 40 हजार व नंदन ने 44 हजार रुपए दिए।
यह सारा रुपया वसीउद्दीन ने लिया था। इस मामले में मवई थाना प्रभारी प्रमोद पांडे ने बताया कि तहरीर मिली है, आरोपी को तलाश कर पड़ताल के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।