सरेशाम हुई चोरी की घटना से स्तब्ध पीड़ित ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। सूचना पर रात में ही पुलिस ने मौके पर पहुंच जांच कार्रवाई की।
पीड़ित मो. वसीम अंसारी निवासी घोसियाना पहाड़गंज ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि वह शनिवार की शाम लगभग आठ बजे सपरिवार ईद मिलने के लिए अपने घोसियाना स्थित पुस्तैनी मकान पर गए थे।
बताया कि रात लगभग आठ बजकर 57 मिनट पर उनका पुत्र अपने गुरु जी के फोन के अनुसार उन्हें लेने के लिए घर पर गया तो देखा कि दो लड़के घर के दूसरे दरवाजे के सामने खड़े हैं।
जैसे ही उन दोनों ने उनके पुत्र को देखा तो तुरंत ही अपने मोबाइल से दोनों कहीं बात करने लगे। इसके बाद उनका पुत्र वहां से वापस पुस्तैनी मकान पर लौट आया।
रात लगभग 10 बजकर 50 मिनट पर जब वह सपरिवार अपने घर वापस लौटे तो देखा कि घर के दरवाजे, आलमारी के ताले आदि टूटे हैं और सारा सामान बिखरा है।
जांच की तो पता चला कि घर में पत्नी व तीनों पुत्रियों के विवाह के लिए कई वर्षों से जमा कर रखे लगभग 14 लाख रुपये जेवरात और लगभग दो लाख 30 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई।
लाखों की चोरी की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने बताया कि तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।