हत्या के इरादे से आये चार बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
अयोध्या। रामनगरी के कजियाना मोहल्ला निवासी डॉ. सलीम की हत्या के इरादे से एकत्र चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक रिवॉल्वर, चार जिंदा कारतूस, एक मिस 32 बोर कारतूस, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस 9 एमएम, 303 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 315 बोर का तमंचा व एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक नगर अनिल सिंह सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली की कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के कजियाना मोहल्ला निवासी डॉ. सलीम की हत्या के इरादे से चार बदमाश सहनवां के पास एकत्र हुए हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी की। मुठभेड़ मेें पुलिस ने चारों बदमाशों तौरिक अहमद उर्फ तनवीर निवासी कजियाना, शोएब अख्तर उर्फ शेरा निवासी सहनवां , मनोज कुमार तिवारी निवासी दुराही कुंआ अयोध्या और मो. आमिर उर्फ अमिरूद्दीन निवासी मक्खापुर कोतवाली अयोध्या को गिरफ्तार किया गया है।
बताया कि डॉ. सलीम का तौरिक अहमद से जमीन का विवाद चल रहा था। जिसमें तौरिक ने पुलिस को तहरीर भी दे रखी थी। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई थी इसी बीच अभियुक्तों की लोकेशन की जानकारी मिलने पर उनकी घेराबंदी कर धर दबोचा गया।
चारों अभियुक्तों के विरुद्ध हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमा कायम कर जेल भेजा जा रहा है। बदमाशों को गिरफ्तार करने वाले पुलिस दल में सीओ अयोध्या राजकुमार साव के नेतृत्व में कोतवाली अयोध्या के प्रभारी निरीक्षक जगदीश उपाध्याय, उप निरीक्षक राजेश सिंह, उप निरीक्षक बृजेश यादव, आरक्षीगण राहुल कुमार, लव कुमार, राज कुमार यादव, रजनीश कुमार शामिल थे। टीम को 20 हजार ईनाम की भी घोषणा की गई है।