लेखपाल समेत पांच पर धोखाधड़ी का केस
मिल्कीपुर। मिल्कीपुर तहसील के देवरिया गांव में खाते की जमीन को धोखाधड़ी कर दूसरे लोगों के नाम दर्ज करना लेखपाल को मंहगा पड़ गया। एसएसपी के आदेश पर आरोपी लेखपाल के साथ ही चार सगे भाइयों के खिलाफ इनायतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में देवरिया गांव निवासी अब्दुल अजीज ने कहा है कि मिल्कीपुर तहसील में तैनात लेखपाल रामधर शुक्ल ने जालसाजी व कूटरचना कर उसके गाटा संख्या 1161 की जमीन गांव के ही सूरज, नीरज, सुनील व सचिन पुत्रगण भगेलू के नाम दर्ज कर दी है। पीड़ित का कहना है कि, लेखपाल उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहा है। थानाध्यक्ष इनायतनगर आरके सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके छानबीन कराई जा रही है।