पुलिस ने की सख्ती तो उगली सच्चाई
- पत्नी-साले से हुआ विवाद, साले को फंसाने के लिए दी पुलिस को लूट की झूठी सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
कुमारगंज। झूठी लूट की सूचना पर कुमारगंज पुलिस घंटों हलकान रही, वहीं सख्ती से पूछताछ करने पर सूचना देने वाले युवक की पोल खुल गई। पुलिस ने फर्जी सूचना देने वाले युवक को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रुदौली कोतवाली के मीरापुर निवासी 30 वर्षीय रामजीत चौहान सैमसंग मोबाइल का डिस्ट्रीब्यूटर है, रविवार को वह तुलसमपुर बाजार में कई दुकानों पर मोबाइल बेचकर उससे मिली करीब 17 हजार की रकम लेकर कुमारगंज थाना क्षेत्र के पूरे गोस्वामी अपनी ससुराल गया हुआ था। यहां किसी बात को लेकर वह अपनी पत्नी की पीटने लगा, इसका विरोध जब उसके साले राहुल ने किया तो वह उससे भी भिड़ गया तथा उसको सबक सिखाने की बात कहते हुए वहां से चला गया। वहां से निकल कर वह कुमारगंज खंडासा रोड पर आया और 100 नंबर पर फोन कर पुलिस को बताया कि बैग में रखी वसूली की तीन लाख रकम को तीन लोग लूट कर भाग निकले हैं।
सूचना के बाद पूरे जिले की पुलिस सक्रिय हो गई, आनन फानन में यूपी-100 तथा थानाध्यक्ष नीरज राय भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच कर लुटेरों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की। वहीं, पुलिस को शक होने पर जब युवक से कड़ाई से पूछताछ की तो वह पुलिस के सवालों का उचित जवाब नहीं दे सका और सच्चाई कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस युवक को लेकर उसके ससुराल गई तो वहां उसका बैग बरामद हुआ। उसकी पत्नी संजू ने पुलिस को बताया कि पति रामजीत आए दिन ससुराल में उससे मारपीट करता रहता है, जिसके डर से वह अपने मायके भाग आई। रविवार उसने मायके में भी आकर उसे मारा पीटा तथा मोबाइल का बैग यहीं छोड़कर चला गया। थानाध्यक्ष कुमारगंज नीरज राय ने बताया कि लूट की सूचना देने वाले युवक की बात फर्जी थी, उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।