गन्ना लदी ट्रॉली में घुसी बाइक, दो युवकों की मौत
अयोध्या। लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पटरंगा थाना अंतर्गत गनौली गांव के पास शनिवार रात एक बाइक सामने जा रही गन्ना लदी ट्रॉली में पीछे से घुस गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था।
लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर पटरंगा थाना के गनौली गांव के पास शनिवार रात करीब 9 बजे एक बाइक पर सवार दो युवक अयोध्या की ओर जा रहे थे। आगे जा रही एक गन्ना लदी ट्रॉली को ओवर टेक करते समय बाइक सवार ट्रॉली में पीछे से जा टकराए।
हादसे में घायल होकर दोनों युवक सड़क पर गिर गए। मौके पर पहुंची पुलिस व स्थानीय लोग जब तक घायलों को अस्पताल भेजवाते तब तक उनकी मौत हो गई।
पटरंगा थाना प्रभारी राहुल कुमार ने बताया कि दोनों युवकों की पहचान प्रशांत कुमार (30) पुत्र ज्ञानेंद्र कुमार व आकाश (35) पुत्र मदन लाल निवासी विशाल खंड लखनऊ के रुप में हुई। इनके घर वालों को रात में ही सूचित कर दिया गया है। शव पोस्टमार्टम को भेजे गये हैं।