फैजाबाद। नेशनल हाईवे के किनारे बने आरटीओ ऑफिस के पास स्थित एक मकान में मंगलवार रात तीन युवकों ने एक महिला के साथ गैंगरेप किया। आरोपियों के चंगुल से किसी तरह मुक्त हुई महिला देर रात कैंट थाने पहुंची और आपबीती सुनाई।
पुलिस ने रात में ही रिपोर्ट दर्ज कर मंगलवार की देर रात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी कैंट थाना क्षेत्र के गद्दोपुर गांव के निवासी हैं। पीड़िता अंबेडकरनगर जिले की है। पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह अंबेडकरनगर की रहने वाली है।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे वह ट्रेन से फैजाबाद दवा लेने आई थी। फैजाबाद रेलवे स्टेशन पर उसे कोमल और कालिदास निवासी गद्दोपुर मिले और दवा दिलाने की बात कहकर बाइक पर बैठा लिया। दोनों युवक उसे दवा दिलाने की बजाय आरटीओ ऑफिस स्थित एक मकान में ले गए, जहां चंदन उर्फ चंदू निवासी गद्दोपुर पहले से ही मौजूद था।
तीनों युवकों ने रात 10 बजे तक उसके साथ गैंगरेप किया। बाद में किसी को न बताने की धमकी देते हुए उसे छोड़ दिया। पीड़िता के अनुसार छूटने के बाद वो किसी तरह कैंट थाने पहुंची और पुलिस को घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष कैंट राजेश सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर रात में ही केस दर्ज कर लिया गया था।
पीड़िता को ले जाकर मकान की शिनाख्त की गई। इसके बाद मकान में किराए पर रहने वाले चंदन उर्फ चंदू को उसके गद्दोपुर स्थित निवास से गिरफ्तार किया गया। उसके बाद उसकी निशानदेही पर कोमल यादव व कालीदास कनौजिया निवासी गद्दोपुर को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता ने तीनों की पहचान की है।