अयोध्या। कोतवाली नगर के सैनिक बिहार कालोनी में बीते 28 दिसंबर की रात हुई लाखों की चोरी के मामले में पीड़ित पूर्व सैन्यकर्मी ने पुलिस पर तहरीर बदलने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। मामले में शुक्रवार की शाम तक पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था।
बृहस्पतिवार को पुलिस को करीब 25 लाख रुपए के जेवरात व अन्य सामान चोरी होने की तहरीर दी गई थी। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी, डीआईजी समेत मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर की है। पीड़ित सेवानिवृत्त एसीपी नायक सूबेदार गया प्रसाद द्विवेदी ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह उनके घर पहुंचे और पुलिसिया रौब दिखाकर कहा कि जो तहरीर दी है, उसे बदलकर एक लाख रुपए करो।
धमकी दी कि अगर ऐसा नहीं करोगे तो इनकम टैक्स की टीम लेकर आऊंगा और तुम्हें इतनी नकदी व गहने कहां से मिले बताना पड़ेगा। आरोप लगाया कि कोतवाल ने कहा कि अगर केस लिखा भी तो 24 घंटे के अंदर फाइनल रिपोर्ट लगा देंगे।
पीड़ित ने बताया कि वह रिटायर्ड फौजी है, वर्तमान में एलआईसी में काम कर रहा है। उनका लड़का इंजीनियर है। वे चार भाई हैं, सभी अच्छी खेती करते हैं। बताया कि उनके मकान के चारों ओर सीसीटीवी लगे हुए हैं। उसमें साफ दिख रहा है कि छह चोर घर के अंदर से कई बैग पीठ पर लादकर ले जा रहे हैं।
बताया कि घटना के कुछ दिन पहले उनके पिता का निधन हो गया था, वे उनके क्रिया कर्म में लगे हैं। ऐसे में वे पुलिस के इस अमानवीय व्यवहार से मनसिक रूप से परेशान हैं। पीड़ित ने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री से कर न्याय दिलाने की मांग की है। एसएसपी मुनिराज ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए गए हैं कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज जांच करें।