अयोध्या। कोतवाली नगर क्षेत्र के रिकाबगंज इलाके में स्थित बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर घर जा रही बुजुर्ग मां व उसकी बेटी टप्पेबाजी का शिकार हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
थाना कैंट के रेतिया इलाके की निवासी अचला सिंह अपनी बेटी सोनी के साथ रिकाबगंज चौकी क्षेत्र स्थित यूको बैंक से 50 हजार रुपये निकालकर अपने घर जाने के लिए जिला चिकित्सालय के सामने रिक्शे का इंतजार कर रही थीं। पीड़िता के अनुसार, इस दौरान बाइक से एक युवक उनके पास आया और कहा कि आपने गलत पैसा बैंक से ले लिया है, यह पैसा दूसरे का है।
यह कहकर वह उनसे 50 हजार रुपये ले लिया और कहा आप बैंक आइए। वह जब तक कुछ समझ पाते तब तक युवक वहां से गायब हो गया। उन्होंने इसकी सूचना बैंक को दी, बैंक वालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी रिकाबगंज सुनील कुमार ने घटनास्थल पर जांच की। चौकी प्रभारी ने बताया कि मामला टप्पेबाजी का है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।