पत्रकारों से वार्ता करते सीओ सिटी निपुण अग्रवाल।
- फोटो : FAIZABAD
अयोध्या। कोतवाली नगर क्षेत्र के सांई दाता की कुटिया के पास से तीन सितंबर को एक ट्रक से 596 बोरी चावल चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 300 बोरी चावल, एक ट्रक व 38 हजार 7 सौ रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी बिहार से ट्रक में चावल लादकर दिल्ली जा रहा था। उसने रास्ते में ही ट्रक से चावल गायब कर दिया और खाली ट्रक को छोड़कर भाग गया था।
3 सितंबर को साईं दाता की कुटिया के पास से एक खाली ट्रक मिला था। ट्रांसपोर्टर शिव प्रताप सिंह निवासी सरायरासी थाना महाराजगंज ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि ट्रक बिहार से 596 बोरी चावल लादकर दिल्ली जा रहा था।
किसी ने ट्रक से चावल चोरी कर उसे यहां छोड़ दिया है। सीओ सिटी निपुण अग्रवाल ने बताया कि शनिवार को मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पोस्टमार्टम हाउस के पास छापा मार ट्रक के ड्राइवर सुरेश कुमार विश्वकर्मा निवासी ग्राम अरशदपुर थाना जंगीपुर जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 300 बोरी चावल व शेष बेचे गए चावल के पैसों में से 38 हजार 7 सौ रुपये बरामद हुए।
नगर कोतवाल नीतीश श्रीवास्तव के अनुसार आरोपी ने कुबूला है कि उसने रास्ते में ही ट्रक से चावल उतारकर दूसरी ट्रक में लोड करा दिया था। खाली ट्रक साईं दाता की कुटिया के पास छोड़ दिया था। 296 बोरी चावल बेच दिया था, शेष को फैजाबाद में बेचने के फिराक में था। लेकिन तभी पुलिस की गिरफ्त में आ गया।