खंडासा। नागीपुर गांव में खूंटा गाड़ने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। पुलिस ने दोनों पक्षों के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खंडासा पहुंचाया गया।
नागीपुर के धीरेंद्र कुमार व महेश कुमार के बीच पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद चल रहा है। खूंटे को लेकर बुधवार को सुबह 10 बजे दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। धीरेंद्र कुमार ने महेश कुमार, विकास, प्रमोद समेत सात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी गई है। तहरीर में धीरेंद्र कुमार ने बताया है कि प्रथम पक्ष ने मेरे घर में घुसकर लाठी डंडों से मारा पीटा और गालियां भी दी।
महेश ने जान से मारने की धमकी भी दी है। उधर, महेश कुमार ने धीरेंद्र कुमार, आलोक, अवनीश, अंबिका, सुरजीत समेत आठ लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, तहरीर में महेश ने अपने लड़के को धीरेंद्र के द्वारा मारने पीटने का आरोप लगाया है। जब महेश की पत्नी बीच बचाव करने गई तो उनको भी मारा पीटा गया। जान से मारने की धमकी दी गई।
चौकी प्रभारी अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है घायलों को सीएचसी खंडासा में इलाज के लिए भेजा गया है।