सोहावल। विद्यालय से नित्यक्रिया के लिए गए कक्षा-4 के एक छात्र को एक युवक ने अपने साथी की मदद से अगवा कर लिया। रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय वाहन की रफ्तार कम होने पर बच्चे ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। हालांकि इस दौरान व चोटिल हो गया। घटना के दूसरे दिन पिता ने पुलिस को जानकारी दी तो पुलिस बच्चे से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है।
शाह का पुरवा निवासी मुन्नू का पुत्र अरविंद (9) सुचित्तागंज प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को गया था। विद्यालय में बने शौचालय की उपयोगिता न रहने से मध्यावकाश में वह पीछे गली में शौच को निकला था।
वहीं से एक युवक ने अपहरण कर विद्यालय से कुछ कदम दूर सड़क पर साथी की मदद से उसे एक पिकअप में बैठा लिया। वाहन सुचित्तागंज रेलवे क्रॉसिंग पर धीमा हुआ तो मौका देख अपहृत बच्चे ने हिम्मत कर वाहन से छलांग लगा दी। रेल पटरी पर गिरने से वह चोटिल हो गया।
मंगलवार को पिता ने बाजार के लोगों के साथ पुलिस को सूचित किया तो हड़कंप मच गया। हरकत में आई पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी के सहारे व बच्चे से पूछताछ कर मामले के पड़ताल में जुटी है। एसएसआई एस अस्थाना ने बताया कि घटना की जानकारी एक दिन बाद मिली है। सत्यता की पड़ताल सहित हर संभावित पहलू की छानबीन कराई जा रही है।