चौरे बाजार। हैदरगंज थाना क्षेत्र में मां से हुए विवाद के बाद बुधवार को एक युवती ने केरोसिन छिड़ककर खुद को आग लगा ली। घरवालों ने आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह लपटों पर काबू पाकर उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हैदरगंज के रंडौली पश्चिम पाली ग्राम पंचायत के हरी का पुरवा गांव निवासी ललिता (18) पुत्री मुरली निषाद चौरे बाजार के टीएन इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा थी। उसके पिता मुरली बाहर नौकरी करते हैं।
घर पर मां व उसकी अन्य दो बहनों साथ रहती थीं। बुधवार सुबह किसी बात को लेकर उसकी मां से कहासुनी हो गई। जिसके बाद उसने घर में रखे केरोसिन को छिड़ककर खुद को आग लगा ली। उसे लपटों से घिरा देख घरवालों ने शोर मचाया।
मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने कंबल डालकर आग बुझाई लेकिन तब तक वह बुरी तरह झुलस गई थी। उसे एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण सीएचसी अधीक्षक राम मणि शुक्ला ने तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चा है।
हैदरगंज थाना प्रभारी अवनीश कुमार चौहान ने बताया सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, लड़की ने भी अपने बयान में खुद आग लगाने की बात कही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताया कि मामले में अभी किसी तरह की शिकायत या तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।