पंचायत चुनाव में पड़े वोटों की गिनती रविवार को शुरू होगी। जिले में लगभग 20 लाख वोटों की गिनती लगभग सवा चार हजार मतगणना कार्मिक करेंगे।
चुनाव मैदान में डीडीसी की 43 सीटों के लिए 690 प्रत्याशी और 1078 बीडीसी पद के लिए 6151 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिले के 11 स्थानों पर मतगणना की व्यवस्था कराई गई है।
इसके लिए शनिवार को तैयारियां अंतिम चरण में रहीं। चुनाव में डीडीसी और बीडीसी पद के लिए चार चरणों में वोट डलवाए गए थे। मतों की गिनती के लिए न्याय पंचायत वार मेजें लगाई जा रही हैं।
जहां पर 15 से ज्यादा बूथ हैं उनमें दो सेट मतगणना की टेबल लगाई जा रही है। जिले में डीडीसी और बीडीसी के पदों के लिए पड़े वोटों की गिनती के लिए कुल 430 मेजें लगाई जा रही हैं।
एक पाली में इन पर 2150 मतगणना कार्मिक वोटों की गिनती करेंगे। दो पालियों में 4300 कार्मिकों को मतगणना के लिए लगाया गया है।
सुबह आठ से शाम को आठ बजे तक पहली पाली और इसके बाद 12 घंटे के लिए दूसरी पाली होगी। लगभग 10 फीसदी कार्मिकों को रिजर्व रखा गया है।
जिले में लगभग 15.80 लाख मतदाताओं में से 62.08 फीसदी ने वोट डाले थे। इस हिसाब से जिला पंचायत के लिए 9.8 लाख और बीडीसी के लिए 9.8 लाख वोटों की गिनती के लिए यह कर्मचारी लगाए गए हैं।
उम्मीद की जा रही है कि सभी परिणाम आने में 24 घंटे का समय लग सकता है। मतगणना स्थलों पर शांति व सुरक्षा के लिए 11 जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।
इसके साथ क्षेत्रों के एसडीएम के साथ ही अन्य अफसर लगाए गए हैं। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। काउंटिंग वीडियो कैमरे की नजर में कराई जाएगी।
सभी मतगणना स्थलों पर बैरीकेडिंग भी कराई गई है। शनिवार को अंतिम रेंडमाइजेशन कराकर कार्मिकों के लिए टेबलों का आवंटन कर दिया गया है।
सुबह मतगणना केंद्र पर पहुंचने के बाद इसकी जानकारी उनको दी जाएगी। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सूर्यभान का कहना है कि मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।