अयोध्या। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के पसिर में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग 27 जून से शुरू होगी। यह काउंसलिंग विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर समय-सारिणी के अनुक्रम में संबंधित तिथियों में सुबह 9:30 बजे से होगी।
प्रवेश परीक्षा समन्वयक प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने बताया है कि विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसलिंग पूर्णतया ऑनलाइन रूप से संपादित होगी एवं विश्वविद्यालय के ईडीपी स्थित कंप्यूटर सेंटर में संपन्न होगी।
सभी अभ्यर्थियों को काउंसलिंग में सम्मिलित होने के लिए अपने साथ सभी मूल प्रमाण-पत्र, भारांक से संबंधित प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटोग्राफ एवं सभी मूल प्रमाणपत्रों की एक स्वहस्ताक्षरित छायाप्रति के साथ उपस्थित होना है।
इसके साथ ही अभ्यर्थिंयों को प्रवेश से संबंधित वांछित शुल्क को ऑनलाइन जमा कराने के लिए उचित व्यवस्था के साथ उपस्थित होना होगा। काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को दो सौ पचास रुपये नगद काउंसलिंग शुल्क जमा करना होगा।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासनादेश के अनुक्रम में ईडब्लूएस अभ्यर्थियों के लिए किसी भी पाठ्यक्रम में उपलब्ध सीटों का 10 प्रतिशत अधिसंख्य सीटों पर भी प्रवेश होगा। इस संबंध में अभ्यर्थियों को सक्षम अधिकारी द्वारा निर्गत प्रमाणपत्र साथ में लाना अनिवार्य होगा।