अयोध्या। कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीके की पहली खुराक शनिवार को लेने के बाद जिले के कोरोना वारियर्स खुद को स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। विकास भवन में बने कंट्रोल रूम में भी इसे लेकर कोई शिकायत कहीं से नहीं आई। पहले चरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुए टीकाकरण पर सीएमओ ने भी प्रसन्नता जाहिर करते हुए उत्साहित मुद्रा में कहा ऑल इज वेल...। अब शुक्रवार (22 जनवरी) को जिले के 15 केंद्रों पर तीन हजार कोरोना वारियर्स का टीकाकरण किया जाना है।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए टीका तैयार होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की घोषणा के बाद शनिवार से जिले में भी टीकाकरण की शुरुआत हुई है। इसके लिए जिले के छह केंद्रों जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल, राजकीय श्रीराम चिकित्सालय, राजर्षि दशरथ मेडिकल कॉलेज दर्शननगर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुदौली व मया बाजार में विधिवत तैयारी के साथ पहले चरण में चयनित 13 हजार स्वास्थ्यकर्मियों में से 600 को टीके की पहली खुराक देने के लिए बुलाया गया था।
सभी केंद्रों पर मिलाकर पहले दिन 399 लोगों को टीके की पहली खुराक दी गई। टीका लगने के बाद से लेकर अगले दिन तक किसी भी स्वास्थ्य कर्मी को किसी प्रकार की दिक्कत महसूस नहीं हुई। कंट्रोल रूम में न तो किसी तरह की किसी भी स्वास्थ्यकर्मी ने शिकायत दर्ज कराई न ही ‘अमर उजाला’ से बातचीत के दौरान किसी समस्या से अवगत कराया।
अब शुक्रवार (22 जनवरी) को जिले के 15 केंद्रों पर तीन हजार कोरोना वारियर्स का टीकाकरण किया जाना है। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो सेशन बनाए जाएंगे। जहां हर सेशन में करीब 100-100 लोगों को टीके की पहली खुराक दी जाएगी। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू की है। वहीं, टीका लगाने से लेकर चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी स्वास्थ्यकर्मियों में इसे लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ‘अमर उजाला’ से बातचीत में सभी ने एक स्वर में स्वदेशी वैक्सीन को पूरी तरह सुरक्षित बताया और अन्य लोगों से मौका मिलते ही वैक्सीन लगवाने की अपील की।
अभी तक कोरोना संक्रमण खत्म नहीं हुआ है। सरकार ने समय से वैक्सीन उपलब्ध कराई है। मैने भी टीका लगवाया है। किसी तरह की कोई दिक्कत महसूस नहीं हुई। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। हर किसी को मौका मिलते ही इसे लगवाना चाहिए।-डॉ. घनश्याम सिंह, सीएमओ, अयोध्या
देश की वैक्सीन इतने कम समय में बनकर तैयार हो गई, यही हमारे लिए बड़ी उपलब्धि है। यह पूरी तरह सुरक्षित है। इसे लगाने के बाद से अब तक किसी तरह की दिक्कत महसूस नहीं हुई है। हर व्यक्ति को मौका मिलते ही वैक्सीन लगवाना चाहिए।-डॉ. रवींद्र कुमार, प्रमुख अधीक्षक, जिला अस्पताल
सरकार की योग्यता का प्रमाण है कि कोरोना महामारी को सुदृढ़ता से नियंत्रित किया। कारगर वैक्सीन फ्रंटलाइन कोरोना वारियर्स को उपलब्ध कराई। मैं ने भी टीका लगवाया है। किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई, हर किसी को वैक्सीन लगवाना चाहिए। -डॉ. श्वेता सुमन, एनेस्थेसिस्ट, जिला महिला चिकित्सालय
टीका लगवाकर अब कोरोना से जंग जीतने की उम्मीद प्रबल हो गई है। इसका कोई दुष्प्रभाव नहीं है। लेकिन टीका लगवाने के बाद भी लोगों को बेफिक्र न होकर बल्कि मास्क व दो गज की दूरी का ध्यान रखना चाहिए। -डॉ. विपिन वर्मा, सचिव पीएमएस संघ, अयोध्या
टीका पूर्णतया सुरक्षित है। इसे लेकर किसी भी तरह की भ्रांतियां न पालें। चौबीस घंटे बीत जाने के बाद भी पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। हर किसी को टीका लगवाने के लिए आगे आना चाहिए। -डॉ. योगेश यादव, पैथोलॉजिस्ट, मेडिकल कॉलेज
टीका को लेकर लोग बेवजह मन में शंकाएं पाल रहे थे। मैंने स्वयं टीका लगवाया है। किसी तरह की कोई परेशानी नहीं हुई। इसे लेकर घबराने की जरूरत नहीं है। बल्कि सुरक्षित रहने का यही एक सशक्त उपाय है।-डॉ. रीना शर्मा, विभागाध्यक्ष, मेडिकल कॉलेज
सरकार के अथक प्रयास से शीघ्रता से वैक्सीन उपलब्ध हो गई। इसमें वैज्ञानिकों की दिन-रात की मेहनत है। इसे लेकर किसी तरह की शंका मन में पालना देश व वैज्ञानिकों का अपमान है। मैं ने भी वैक्सीन लगवाई, बहुत अच्छा लग रहा है। -पूनम गुप्ता, स्टाफ नर्स, जिला अस्पताल
कोरोना वैक्सीन लगवाने को संक्रमण काल से ही काफी उत्सुकता थी। जैसे ही मौका मिला, हमने बड़ी रुचि से टीका लगवाया है। लगने से लेकर अभी तक किसी तरह की दिक्कत नहीं हुई। हर किसी को मौका मिलने पर टीका लगवाना चाहिए। -चंद्रप्रकाश सिंह, स्टाफ नर्स, जिला अस्पताल
वैक्सीन लगवाने के बाद अब कोरोना संक्रमण से मुक्ति मिलने की उम्मीद जग गई है। प्रत्येक व्यक्ति को टीका लगवाना चाहिए, यही संक्रमण भगाने में सहायक होगा। इससे किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। -अर्पिता गोस्वामी, स्टाफ नर्स, जिला अस्पताल
वैक्सीन को लेकर लोग बेवजह भयभीत हैं। पहली खुराक लेने के बाद पूरी तरह स्वस्थ महसूस कर रहे हैं। संक्रमण से हमेशा के लिए मुक्ति पाने का यही एक माध्यम है। हर किसी को टीका लगवाना चाहिए। -वाईपी सिंह, श्रीराम अस्पताल, अयोध्या