अयोध्या। जिले के कोविड कंट्रोल नोडल अफसर/अपर मुख्य सचिव सिंचाई जल संसाधन टी वेंकटेश ने जिले के आला अधिकारियों के साथ सोमवार को क्षेत्र के परोमा गांव में कोरोना संक्रमण से बचाव और पीड़ितों को राहत पहुंचाने के लिए की जा रही कार्रवाई का निरीक्षण किया।
निगरानी समिति से भी जानकारी ली व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नोडल अधिकारी टी वेंकटेश ने कहा कि हमें पूरी सक्रियता के साथ लगकर कोरोना संक्रमण को रोकना ही नहीं खत्म करना है।
परोमा ग्राम पंचायत में कोरोना संक्रमित पीड़ितों, सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार के लक्षण वाले मरीजों और उनके परिवार के लोगों से मिलकर हाल-चाल लिया।
वहां उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि संक्रमण को रोकने के लिए सक्रियता के साथ हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए।
सर्वप्रथम परोमा गांव पहुंचकर चिह्नित कोरोना संक्रमित परिवार रामबहादुर, कमलेश, वीरेंद्र सिंह व शशिलता सिंह का हालचाल जाना। साथ ही संक्रमित परिवार को स्वास्थ्य विभाग से मिली सुविधाओं का जायजा लिया।
ग्राम निगरानी समिति के सदस्यों आशा बहू, आंगनबाड़ी, सचिव और लेखपाल से बाहर से गांव आए परदेसियों के बारे में जानकारी की। बताया गया कि 55 लोग दूसरे शहर और परदेस से गांव आए हैं।
जिसमें तमाम लोग 15 दिन की क्वॉरेंटाइन अवधि पूरी कर चुके हैं। इसके अलावा लक्षण वाले 11 मरीजों के बारे में भी जानकारी की। डीएम अनुज कुमार झा ने ग्राम निगरानी समिति के रजिस्टर एवं किए जा रहे डोर-टू-डोर सर्वे रजिस्टर का भी अवलोकन किया।
लक्षण वाले मरीजों और ग्रामीणों को कोई दिक्कत होने पर जांच कराने और सीएचसी अधीक्षक को समस्या से अवगत कराने के लिए कहा। डीपीआरओ शीतला प्रसाद सिंह ने गांव में जाकर सफाई कार्य का भी निरीक्षण किया गया।
इस मौके पर एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय, सीडीओ अनीता यादव, तहसीलदार पवन गुप्ता, खंड विकास अधिकारी सर्वेश मोहन श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार गरिमा वर्मा, सीएचसी अधीक्षक अब्दुल खतीब अंसारी, स्वास्थ शिक्षा अधिकारी देव प्रकाश वर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारियों उपस्थित रहे।