अयोध्या। कोरोना संक्रमण के मामले में बुधवार को जिले में खतरनाक स्थिति देखने को मिली। एक दिन में सर्वाधिक 42 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इन मरीजों को लेकर जिले में कुल संक्रमितों की संख्या 380 पहुंच गई है। जिनमें सक्रिय मरीज 113 हैं। रिपोर्ट प्राप्त होते ही स्वास्थ्य टीमें संबंधित क्षेत्र की ओर रवाना हुई। मरीजों को आइसोलेशन में भेजवाने से लेकर कोरोना बचाव से संबंधित तमाम कार्य प्रारंभ किए गए। इसमें स्वास्थ्यकर्मी से लेकर जिला प्रशासन तक के लोग हलाकान रहे।
बुधवार को प्राप्त हुए 892 नमूनों की रिपोर्ट में 42 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें सर्वाधिक 11 मरीज यश पेपर्स लिमिटेड के कर्मचारी हैं। यहां पहले से ही मिल के एमडी सहित 6 कर्मचारी संक्रमण का दंश झेल रहे हैं। इस तरह यहां अब कुल एक्टिव मरीज 17 हो चुके हैं। इसके अलावा नगर निगम के पाराखान व गुदड़ी बाजार में एक-एक, बीकापुर के महावीर तिवारी का पुरवा, सीताराम तिवारी का पुरवा, कोछा व नसीरपुर मूसी में क्रमश: एक-एक, मसौधा ब्लाक के टोनिया में एक,
अमानीगंज के डुंडी में तीन, मसौधा के पलिया शहबदी में दो, मया ब्लॉक के रामपुरपुवारी में एक, मानापुर पट्टी में एक, तारुन के आगागंज व परसवां में एक-एक, रुदौली के पकड़िया गांव में दो, रुदौली के ही हरिहरपुर, धमौरा व नई पोखर में एक-एक, हैरिंगटन गंज के पलिया लोहानी, रामपुर जोहन व अछौरा में एक-एक, सोहावल के लखौरी में पांच व मजनावां में एक मरीज पाए गए हैं। जिले में एक दिन में सर्वाधिक 42 मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। लोगों में कोरोना संक्रमण को लेकर के भय व्याप्त हो गया है एक साथ इतनी संख्या में आए इन मरीजों को आइसोलेट करने से लेकर अन्य बचाव कार्यों में स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की टीम में जुटी हुई हैं।
एक साथ भारी संख्या में कोरोना मरीज पाए जाने से जिले में कंटेनमेंट जोन की संख्या बढ़कर 88 हो गई है। इन क्षेत्रों में लोगों को पाबंदियों के साथ जीवन यापन करने की छूट दी गई है। सदर तहसील में सर्वाधिक 29, मिल्कीपुर में 19, बीकापुर में 14, सोहावल में 10 व रुदौली में 16 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। जबकि क्लस्टर जोन की संख्या भी 42 पहुंच गई है।