अयोध्या। दिल्ली व मुंबई से लौटे छह प्रवासियों की रिपोर्ट शनिवार को पॉजिटिव आई है। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य टीमों ने संबंधित मरीजों को घर से लाकर कोविड हास्पिटल में आइसोलेट कराया। साथ ही इलाके को सील करके सैनिटाइज करने से लेकर संपकिर्यों की तलाश और जांच की कार्रवाई शुरू की गई है। जिले में कुल मरीजों की संख्या बढ़कर अब 208 पहुंच गई है।
अयोध्या स्थित कंदरपुर राजघाट में शनिवार को एक ही परिवार के तीन लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से क्षेत्र में खौफ का माहौल रहा। एक ही परिवार के चार लोग 17 जून को ट्रेन से मुंबई शहर से लौटे थे। मनकापुर रेलवे स्टेशन पर उतरकर एक टैक्सी से सभी लोग राजघाट के निकट स्थित कंदरपुर में पहुंचे और घर पर क्वारंटीन हो गए।
18 जून को स्वास्थ्य टीम ने सभी को मसौधा लाकर कोरोना जांच के लिए नमूना लिया और सभी को घर भेज दिया। शनिवार को रिपोर्ट आई तो दो बच्चे व पत्नी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि परिवार के मुखिया की रिपोर्ट निगेटिव रही। साथ में ही आए व एक साथ रह रहे चौथे व्यक्ति की रिपोर्ट निगेटिव आने से सभी हतप्रभ रह गए। हालांकि, रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य टीम मरीजों को कोविड केयर सेंटर लेकर आई। स्थानीय पुलिस ने इलाके को सील करने की कार्रवाई शुरू की है।
पूराबाजार प्रतिनिधि के अनुसार ग्राम सरायरासी में एक ही परिवार के दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लल्ला सिंह ने बताया कि चार दिन पहले गांव में छह युवक दिल्ली से आए थे, जिनको होम क्वारंटीन कर सभी का सैंपल भेजा गया था। जिसमें से दो की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ अमित वर्मा ने कहा कि मरीजों को झुनझुनवाला कोविड सेंटर भेजा गया है। बीडीओ केडी गोस्वामी ने कहा कि गांव को सील कराया जाएगा।
मया बाजार प्रतिनिधि के अनुसार विकासखंड के नकटवारा गांव में एक युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। रिपोर्ट मिलते ही स्वास्थ्य टीम युवक के घर पहुंच गई और एंबुलेंस से कोविड-19 हॉस्पिटल ले गई। मरीज ने दूरभाष पर बताया कि वह 15 जून को दिल्ली से बस से गांव आया था।
मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मया में जाकर जांच करवाना चाहा, किंतु बताया गया कि यहां जांच की कोई व्यवस्था नहीं है तो अगले दिन पूरा बाजार सीएचसी बाइक से जाकर जांच करवाया। जहां शनिवार को रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव बताई गई। सीएचसी अधीक्षक मया बाजार डॉ. अंशुमान यादव से फोन पर कई बार बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं रिसीव किया।