बीकापुर। सोनखरी गांव में कैंप लगाकर सैंपलिंग की गई 40 लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य महकमे ने राहत की सांस ली है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बीकापुर के अधीक्षक अब्दुल खतीब अंसारी ने बताया कि सोनखरी गांव में दो वर्षीय मासूम सहित कुल 8 लोगों की रिपोर्ट अभी तक पॉजिटिव आ चुकी है। कोरोना संक्रमित मिले सभी लोग महाराष्ट्र से घर वापस आए थे। जिसमें कई लोग कोविड केयर सेंटर में आइसोलेट किए जाने के बाद ठीक भी हो चुके हैं।
सोनखरी गांव में आधा दर्जन से अधिक संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद 15 जून को जिलाधिकारी अनुज कुमार झा और एसएसपी आशीष तिवारी ने गांव पहुंचकर मुआयना किया था। उसके बाद संक्रमण रोकने के लिए और लोगों की इम्युनिटी बढ़ाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया था।
जिलाधिकारी के आदेश पर सीएचसी बीकापुर की स्वास्थ्य टीम द्वारा 16 जून को सोनखरी गांव में दुबारा सर्वे करने के साथ अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय किया था। तथा 40 लोगों का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। अधीक्षक ने बताया कि भेजे गए सैंपल में सभी 40 लोगों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।