अयोध्या। जिले में मंगलवार को तीन लोग कोरोना संक्रमित मिले। वहीं अमेठी निवासी एक बुजुर्ग ने मेडिकल कॉलेज एल-2 हॉस्पिटल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पिता-पुत्र निजी गाड़ी से 7 जून को मुंबई के कंटेनमेंट जोन से लौटे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की मंगलवार को कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सात साल के मासूम बेटे को मेडिकल कॉलेज के सघन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया है। जबकि पिता समेत रामनगरी के धोबियाना कटरा राजघाट के अधेड़ का झुनझुनवाला कोविड हास्पिटल में इलाज चल रहा है।
अयोध्या के बीकापुर विकास खंड के बड़मपुर गांव में मंगलवार को दो लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएचसी के अधीक्षक अब्दुल खतीब अंसारी ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव आया युवक (32) 7 जून को प्राइवेट कार से मुंबई से अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ बीकापुर कस्बे में संचालित आश्रय स्थल भारती इंटर कॉलेज पहुंचा था।
हॉटस्पॉट इलाके से वापस आने के कारण सभी लोगों को जांच के लिए जिला मुख्यालय पर कोविड हास्पिटल भेजा गया। वहां पूल सैंपलिंग कराई गई, फिर सभी को घर पर होम क्वारंटीन किया गया था। मंगलवार को केजीएमयू लखनऊ की लैब से पिता और उसके 7 वर्षीय पुत्र की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि बीकापुर क्षेत्र के बड़मपुर गांव निवासी पिता व पुत्र के अलावा अयोध्या नगर के धोबियाना कटरा राजघाट निवासी एक व्यक्ति (48) की केजीएमयू लखनऊ से आई रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। कोरोना से संक्रमित होकर 3 जून को अमेठी के 70 वर्षीय बुजुर्ग की यहां मेडिकल कॉलेज एल-2 हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था।
अंबेडकरनगर निवासी एक व्यक्ति की मौत के बाद कोरोना से यहां यह दूसरी मौत है। सात वर्षीय बालक को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि पिता समेत रामनगरी के धोबियाना कटरा राजघाट के अधेड़ का झुनझुनवाला कोविड हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। इस बीच कोरोना से संक्रमित होकर 3 जून को भर्ती अमेठी के एक बुजुर्ग की भी मेडिकल कॉलेज एल-2 हॉस्पिटल में मौत हो गई।
सीएमओ ने कहा कि कोरोना संक्रमित पाए गए इलाकों में संक्रमण रोकने के लिए सैनिटाइजेशन, सर्वे सहित अन्य जरूरी सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। मौके पर स्वास्थ्य टीमें तैनात की गई हैं। संक्रमितों के परिवार के क्लोज कांटेक्ट लोगों को फैसिलिटी क्वारंटीन सेंटर भेजा जाएगा। बीकापुर के कोतवाल इंद्रेश यादव ने बताया कि गांव को जाने वाले सभी रास्तों को सील करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।