रौनाही थाना क्षेत्र के हाजीपुर बरसेंडी गांव मोड़ के पास शुक्रवार रात पुलिस कर्मियों से भरी एक बस रोड पर खडे़ कंटेनर से भिड़ गई। इस दुर्घटना में बस में सवार लगभग 50 पुलिस कर्मियों में 23 घायल हो गए।
सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने कई एंबुलेंस से घायल सिपाहियों को जिला अस्पताल भेजवाया। इसमें दो सिपाहियों व बस चालक की हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य पुलिस कर्मियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।
लखनऊ से आरटीसी 35वीं बटालियन पीएसी ट्रेनिंग सेंटर से ट्रेनिंग पूरी कर सिपाही दो निजी बसों में सवार होकर शुक्रवार रात जिला अंबेडकरनगर जॉइनिंग के लिए जा रहे थे। रास्ते में लखनऊ से फैजाबाद जा रहे एक कंटेनर के पीछे के दो पहिए पंचर हो गए।
कंटेनर चालक ने हाजीपुर बरसेंडी गांव मोड़ के पास सड़क पर ही वाहन खड़ा कर दिया। रात करीब तीन बजे लखनऊ की ओर से आ रही लगभग 50 सिपाहियों से भरी निजी बस खडे़ कंटेनर में पीछे से जा भिड़ी। बस में सवार सिपाहियों के घायल होने पर चीख-पुकार मच गई।
कुछ ही देर में सत्तीचौरा चौकी प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को सूचित किया और एंबुलेंस बुलवाई। एसआई ने बताया कि सात एंबुलेंस से घायल सिपाहियों को जिला अस्पताल भेजा गया।
मौके पर एसओ रौनाही, एसओ कैंट, सीओ सदर सहित अन्य अधिकारी घायलों को अस्पताल भेजवाने में लगे रहे। एसओ रौनाही केके गुप्ता ने बताया कि हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, तुषार सिंह यादव और बस चालक दलसिंगार निवासी बसखारी की हालत गंभीर है।
इनके अलावा अन्य घायल पुलिस कर्मियों का उपचार जिला अस्पताल में किया गया। डीआईजी राकेश चंद्र साहू, एसपी ग्रामीण कुलदीप नारायण, एसपी सिटी संकल्प शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल पुलिस कर्मियों का हाल जाना।