कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. निर्मल खत्री ने कहा कि पार्टी की लड़ाई समाज में संप्रदायवाद, जातिवाद और धर्मवाद की राजनीति को बढ़ावा देने वाले ‘थ्री एम’ मोदी, मुलायम और मायावती से है। उन्होंने भाजपा और सपा पर मिलीभगत का आरोप लगाया।
डॉ. निर्मल खत्री वाराणसी के कांग्रेस विधायक अजय राय की गिरफ्तारी, सूखे और बढ़ती महंगाई को लेकर गुरुवार को तिकोनिया पार्क में आयोजित धरने को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में साधु संतों पर लाठीचार्ज पर दुख तक नहीं व्यक्त किया।
घटना का विरोध करने वाले विधायक अजय राय पर फर्जी मुकदमे दर्ज होने के साथ ही रासुका लगवा दिया गया जबकि कार्यक्रम में भाजपा विधायक भी थे। कहा कि किसान सूखे से बेहाल हैं। मगर सूखा राहत राशि नहीं मिल रही है।
महंगाई आसमान छू रही है लेकिन केंद्र व प्रदेश सरकार का इससे लेनादेना नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुलायम की तारीफ कर रहे हैं और मुलायम मोदी की। वक्ताओं ने गन्ने का मूूल्य 350 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि पंचायत चुनाव में सपा, भाजपा और बसपा ने पैसे का खेल किया।
कहा कि इनकी मिलीभगत के बीच चुनौती कठिन है लेकिन कांग्रेस जंग लड़ेगी। कार्यक्रम को राजेंद्र प्रताप सिंह, सुनील पाठक, एसपी चौबे, इंद्र प्रताप सिंह, महेश वर्मा, गिरीशपति त्रिपाठी, महिला जिलाध्यक्ष मधु पाठक, शीतला पाठक, शालिनी पांडेय आदि ने संबोधित किया।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामदास वर्मा और संचालन शहर अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने किया। इसकेे बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। इसमें विधायक से रासुका हटाकर रिहा करने, सूखे की राहत राशि दिलाने और महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की गई।