छात्रा की मौत के बाद मौके पर जमा लोगों की भीड़।
बीकापुर (अयोध्या)। इंटरमीडिएट की परीक्षा में फेल होने से क्षुब्ध होकर एक छात्रा ने जान दे दी। छात्रा का शव रविवार सुबह घर में फंदे से लटका मिला। यह घटना क्षेत्र के गजा का पुरवा तेंदुआ माफी में हुई। गांव के सुनील पाल की पुत्री अर्पिता (17) का शव रविवार सुबह घर में छत के कुंडे में लगे फंदे से लटका मिला। मृतका के पिता ने बताया कि अर्पिता बीकापुर कस्बा स्थित भारती इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। पिछले दिनों इंटरमीडिएट की परीक्षा का परिणाम आया था। परीक्षा में फेल होने से अर्पिता अवसाद में थी।
परिवार के सदस्य रविवार सुबह बाहर काम कर रहे थे। अर्पिता घर में चाय बना रही थी। सुबह साढ़े सात बजे परिजन घर में पहुंचे तो देखा कि अर्पिता का शव छत के कुंडे से दुपट्टे के सहारे लटक रहा है। परिजनों से मिली सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार राय ने बताया कि जांच में प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। संवाद