इलाहाबाद हाईवे पर पूराकलंदर थाने सेे चंद कदम दूर बिना अनुमति बहुजन समाज पार्टी की जनसभा करने के आरोप में बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी व पूर्व विधायक जीतेंद्र सिंह बबलू समेत चार के विरुद्ध चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पूराकलंदर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बहुजन समाज पाटी के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी व पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू ने सोमवार को पूराकलंदर थाना क्षेत्र में इलहाबाबाद हाईवे किनारे मसौधा बाजार के निकट स्थित एक बाग में जनसभा का आयोजन किया था।
प्रदेश में चुनाव आचार संहिता लगने के बाद जनसभा आदि के लिए पार्टी की ओर से जिला मजिस्ट्रेट से अनुमति ली जानी चाहिए थी, लेकिन पार्टी की ओर से बिना अनुमति हासिल किये जनसभा का आयोजन किया गया।
खास बात यह रही कि चुनाव आचार संहिता के अनुपालन को लेकर मशक्कत में जुटे पुलिस व प्रशासनिक अमले की ओर से न तो जनसभा को रोकने की कोशिश की गई और न ही किसी जिम्मेदार पार्टी पदाधिकारी अथवा स्थानीय आयोजक से कोई पूछताछ की गई।
बसपा की जनसभा आयोजन की जानकारी पर अन्य सियासी दल के पदाधिकारियों ने शिकायत जिला प्रशासन से की तो प्रशासन हरकत में आया और इलाकाई पुलिस से पूछताछ की गई। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों से पूछताछ में पता चला कि जनसभा के आयोजन को लेकर न तो कोई अनापत्ति मांगी गई थी और न ही अनुमति के लिए कोई प्रार्थना पत्र दिया गया था।
जिसके चलते देर शाम जिला प्रशासन के निर्देश पर पूराकलंदर थाने में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू, उनके प्रतिनिधि प्रवेश कुमार वर्मा, वरिष्ठ नेता जयकरण वर्मा व अरुण भारती को नामजद करते हुए 20 के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
मंगलवार को थानाध्यक्ष शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू समेत चार को नमाजद करते हुए 20 के खिलाफ बिना अनुमति जनसभा करने के आरोप में चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है।