शासन से अफसरों के लगातार दौरे के बावजूद जिला अस्पताल नहीं सुधर रहा है। बीती देर शाम सांप काटने से पीड़ित मरीज की दवा बाहर से लिखी गई। इसकी शिकायत पर पहुंचे प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसी तिवारी ने इमरजेंसी में तैनात डॉ. शिशिर श्रीवास्तव को कड़ी फटकार लगाई। कहा कि दोबारा ऐसी शिकायत मिली तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बताया जाता है कि गुरुवार की शाम शीतला देवी (27) को सांप ने डस लिया। पीड़िता के परिवारीजन रात करीब आठ बजे उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. शिशिर कुमार श्रीवास्तव ने वार्ड बॉय के जरिए पहले मेडिकल स्टोर से दवाएं मंगाईं।
पीड़िता के परिवारीजन दवा के लिए पहले पांच सौ रुपये दे चुके थे। जैसे ही वार्ड बॉय दवा लेकर इमरजेंसी में पहुंचा, वैसे ही चिकित्सक ने दूसरी दवा की पर्ची वार्ड बॉय को थमा दी और परिवारीजनों से और रुपये देने का इशारा किया। इससे नाराज परिवारीजनों ने प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक से शिकायत की।
सीएमएस को इमरजेंसी की ओर आता देख वार्ड बॉय भाग खड़ा हुआ। मौके पर तैनात डॉक्टर को प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक ने जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि जब ये सारी दवाएं अस्पताल में उपलब्ध हैं तो फिर बाहर से दवा क्यों लिखी गई। यदि दोबारा ऐसी गलती की तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।