- शहर में दो घंटे प्रवास करेंगे सीएम, तैयारियों में जुटा प्रशासन
- दिगंबर अखाड़ा में आयोजित होगा पुण्यतिथि समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
अयोध्या। सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को राममंदिर आंदोलन के नायक रहे रामचंद्र दास परमहंस की 20 पुण्यतिथि समारोह में शामिल होंगे। दिगंबर अखाड़ा में आयोजित होने वाले समारोह में वह दिवंगत महंत परमहंस को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान सीएम दो घंटे शहर में प्रवास करेंगे। पूरा प्रशासनिक अमला कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम स्वरूप देने में जुटा है।
सीएम योगी का दिगंबर अखाड़ा से गहरा जुड़ाव है। गोरक्षपीठ की तीन पीढि़यों का यहां से जुड़ाव रहा है। सीएम के गुरु अवैद्यनाथ व परमहंस की काफी घनिष्ठता थी। सीएम भी अपनी पीढ़ी की परंपरा का निर्वहन कर रहे हैं। दिगंबर अखाड़ा राममंदिर आंदोलन का प्रधान केंद्र भी रहा है। राममंदिर आंदोलन की पहली बैठक इसी अखाड़े में हुई थी। उसमें राममंदिर निर्माण के लिए एक समिति का भी गठन किया गया, जिसके अध्यक्ष महंत अवैद्यनाथ बनाए गए थे जो सीएम योगी के गुरु रहे। 1989 में महंत रामचंद्र दास परमहंस को रामजन्म भूमि न्यास का पहला अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद ही मंदिर आंदोलन को नई दिशा मिली।
1949 में विवाद शुरू होने से लेकर 1992 में ढांचा विध्वंस होने तक महंत रामचंद्र दास परमहंस की राम मंदिर आंदोलन में मुख्य भूमिका रही। दिगंबर अखाड़ा के वर्तमान महंत सुरेश दास बताते हैं कि 2003 में जब उनका महाप्रयाण हुआ तो उनकी शवयात्रा में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटलबिहारी बाजपेयी सहित पूरी कैबिनेट मौजूद रही थी।
मंदिर निर्माण की प्रगति भी देखेंगे सीएम
- सीएम योगी आदित्यनाथ करीब 11 बजे सुबह अयोध्या पहुंचेंगे। वह सबसे पहले चौधरी चरण सिंह घाट स्थित परमहंस की समाधिस्थल पर जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। यहां से सीएम का काफिला रामजन्मभूमि परिसर पहुंचेगा। रामलला के दरबार में हाजिरी लगाने के बाद वह मंदिर निर्माण के लिए चल रहे कार्याें की प्रगति देखेंगे। यहां से हनुमंतलला के दरबार भी जाएंगे। फिर दिगंबर अखाड़ा पहुंचकर पुण्यतिथि समारोह में शामिल होंगे। वे दोपहर करीब एक बजे अयोध्या से रवाना हाेंगे।
भोजन में मटर पनीर के साथ स्वादिष्ट खीर
कार्यक्रम की समाप्ति पर सीएम दिगंबर अखाड़ा में संतों के साथ भोजन करेंगे। आश्रम से जुड़े आशुतोष ने बताया कि सीएम योगी को खीर बहुत पसंद है। उनके लिए भोजन में पूड़ी, मटर पनीर की सब्जी, आलू परवल की सूखी सब्जी, खीर, दाल, चावल, कचौड़ी, दही बड़ा तैयार किया जा रहा है। वह रामनगरी के संत-धर्माचार्यों के साथ भोजन ग्रहण करेंगें।
शहर में इस तरह समय बिताएंगे सीएम
11:05 बजे सुबह- रामकथा पार्क हेलीपैड पर आगमन
11:10 बजे सुबह- परमहंस के समाधि स्थल
11:15 बजे सुबह- समाधि स्थल से प्रस्थान
11:25 बजे सुबह- श्रीराम जन्मभूमि परिसर का भ्रमण
12:00 बजे दोपहर- दिगंबर अखाड़ा स्थल