अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी शनिवार को एक बार फिर अयोध्या पहुंच रहे हैं। मुख्यमंत्री रामनगरी में करीब तीन घंटे रहेंगे। इस दौरान वह दिगंबर अखाड़े में राममंदिर आंदोलन के महानायक रामचंद्र दास परमहंस को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
साथ ही दिगंबर अखाड़े में पौने तीन करोड़ से बनकर तैयार बहुउद्देश्यीय हाल का भी लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री 133 करोड़ रुपये से हो रही विकास योजनाओं का भी निरीक्षण करेंगे। वे गुप्तारघाट पर हो रहे सरयू घाट के निर्माण को भी देखेंगे, इसे लेकर कार्यदायी संस्थाओं में पूरेे दिन हड़कंप मचा रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11:35 पर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 11:55 पर मीरापुर दोआबा में भगवान श्रीराम की विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा के प्रस्तावित स्थल को देखेंगे।
12:15 बजे पर दिगंबर अखाड़ा पहुंचेंगे। इस दौरान वह साकेतवासी महंत रामचंद्र परमहंसदास दास जी महाराज को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और बहुउद्देशीय हाल का लोकार्पण करेंगे। यहीं से 2:15 बजे निकलने के बाद मुख्यमंत्री विकास योजनाओं का निरीक्षण करेंगे।
मांझा जमथरा व गुप्तारघाट पर चल रहे कार्यों की प्रगति देखेंगे। सीएम का दौरा भी सकुशल निपटाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है।
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, डीएम अनुज झा, सीडीओ, एडीएम सिटी वैभव शर्मा, एसएसपी आशीष तिवारी ने दिगंबर अखाड़े का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सावन झूला महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी नहीं होगी। पुख्ता प्लान तैयार किया गया है।