अयोध्या। महंत रामचंद्रदास परमहंस की पुण्यतिथि पर सीएम योगी तीन अगस्त को अयोध्या पहुंचेंगे। वह दिगंबर अखाड़े में राममंदिर आंदोलन के महानायक रहे साकेतवासी को श्रद्धांजलि देंगे।
साथ ही यहां बनकर तैयार बहुउद्देश्यीय हाल का भी उद्घाटन करेंगे। पुण्यतिथि में देशभर से कई संत-धर्माचार्य एवं भक्त भी शामिल होंगे।
दिगंबर अखाड़े के महंत सुरेश दास ने बताया कि 3 अगस्त को महंत परमहंस दास जी महाराज की 16वीं पुण्यतिथि है। इस अवसर पर दोपहर में श्रद्धांजलि सभा होगी।
इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बड़ी संख्या में संत-धर्माचार्य एवं विभिन्न प्रांतों से आए भक्त महाराज श्री को नमन करेंगे। महंत सुरेश दास ने बताया कि मुख्यमंत्री का अयोध्या व दिगंबर अखाड़े के साथ गहरा रिश्ता है।
जब वह सांसद थे तब भी अयोध्या आते रहते थे। बताया कि परमहंस जी व मुख्यमंत्री जी के गुरु महंत अवैद्यनाथ जी महाराज आपस में परम मित्र थे। रामजन्मभूमि आंदोलन में दोनों ने अहम भूमिका निभाई थी।
इसी परंपरा का निर्वहन योगी आदित्यनाथ भी कर रहे हैं। हर वर्ष वह पुण्यतिथि पर दिगंबर अखाड़ा आकर महंत परमहंस दास को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।