अयोध्या। दशहरा पर्व इस बार रामनगरी अयोध्या में फिल्मी सितारों की भव्य रामलीला होने जा रही है। रामलीला मंचन आगामी 17 से 25 अक्तूबर तक सरयू तट स्थित लक्ष्मण किला में होगा। योगी सरकार ने इसकी अनुमति भी प्रदान कर दी है। कई नामचीन फिल्मी कलाकार रामलीला का मंचन करते नजर आएंगे। इसका सीधा प्रसारण देश के कई बड़े चैनलों, सोशल मीडिया और यूट्यूब के माध्यम से पूरी दुनिया में होगा।
अयोध्या की रामलीला के निर्देशक सुभाष मलिक ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या में भव्य रामलीला मंचन की अनुमति दे दी है। इस आयोजन में संस्कृति विभाग भी हमारा सहयोग कर रहा है। अयोध्या शोध संस्थान के निदेशक वाईपी सिंह ने बताया कि सीएम की अनुमति मिलने के बाद रामलीला मंचन को भव्यता प्रदान करने की तैयारी तेज कर दी गयी है। भगवान राम की लीला हिंदी, अंग्रेजी, भोजपुरी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, मराठी, पंजाबी, उर्दू, राजस्थानी, हरयाणवी, बांगला, मैथिली, ओड़िया भाषाओं में दिखाई जाएगी।
यह रामलीला लाइव तो होगी ही, साथ ही इसे रिकॉर्ड भी किया जाएगा, ताकि इसे लोग बाद में भी देख सकें। रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुभाष मलिक का कहना है कि उनकी कोशिश है कि भगवान राम की लीला दुनिया के हर कोने में पहुंचे और दुनिया की हर भाषा में रामलीला दिखाई जाए।
सोनू राम तो सीता के किरदार में नजर आएंगी कविता जोशी
बॉलीवुड के फिल्म स्टारों से सजी अयोध्या की रामलीला में कई प्रमुख फिल्मी स्टारों को दर्शक देखेंगे। इनमें सोनू भगवान राम तो मां सीता के किरदार में कविता जोशी नजर आएंगी। बिन्दू दारा सिंह हनुमान, रावण की भूमिका में शाहबाज खान, अहिरावण की भूमिका में रजा मुराद, रवि किशन भरत, वहीं मनोज तिवारी अंगद की भूमिका में नजर आएंगे। इसके साथ ही फिल्म स्टार अवतार गिल सुबाहु और जनक के किरदार में राजेश पुरी, अभिनेत्री रितु शिवपुरी कैकई के किरदार, राकेश बेदी विभीषण की भूमिका निभाएंगे।
रामलीला के उद्घाटन के लिए सीएम को निमंत्रण
रामलीला के उद्घाटन समारोह में सीएम योगी आदित्यनाथ को आमंत्रित किया गया है। अयोध्या शोध संस्थान, संस्कृति विभाग एवं अयोध्या जिला प्रशासन के सहयोग से मेरी माँ फाउंडेशन की ओर से दशहरा पर आयोजित सात दिवसीय रामलीला का लाइव प्रसारण भी होगा। रामलीला के निर्माता निर्देशक सुभाष मलिक ने बताया कि उद्घाटन समारोह में प्रदेश के संस्कृति विभाग के मंत्री नीलकंठ तिवारी मौजूद रहेंगे। रामलीला में 22-23 फिल्म स्टार काम करेंगे। रामलीला के मंचन में स्पेशल इफेक्ट का इस्तेमाल किया जाएगा।