अयोध्या। दीपोत्सव में सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने की कवायद तेज हो गई है। 13 सेक्टरों में बांटकर सफाई के लिए नगरनिगम और पंचायती राज विभाग के लगभग 700 सफाई कर्मियों को लगाया जाएगा।
मुख्य सचिव ने अयोध्या दौरे के समय नगर निगम के अफसरों को इसके लिए निर्देश दिया था। सफाई व्यवस्था को बेहतर रखने के लिए पूरे क्षेत्र को 13 सेक्टरों में बांटा गया है।
सरयू के घाटों पर सफाई की व्यवस्था में गांव के सफाईकर्मियों को लगाया जाएगा। जबकि राम की पैड़ी सहित निगम क्षेत्र में नगर निगम के सफाईकर्मियों को लगाया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि साढ़े तीन सौ सफाईकर्मियों को दीपोत्सव के लिए लगाया गया है। स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक राकेश सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के 354 सफाईकर्मियों को लगाया गया है।