प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव आलोक रंजन शनिवार को विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ स्थलीय सत्यापन करने के लिए जिले में आने वाले थे। मगर अचानक सुबह ही उनका दौरा रद्द हो गया तो प्रशासनिक अफसरों ने राहत की सांस ली है।
मुख्य सचिव आलोक रंजन के दौरे के मद्देनजर पिछले दो दिनों से जिले में तैयारियां की जा रही थी। हालांकि इस बीच मुख्य सचिव वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विकास कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। सप्ताह भर के भीतर ही उन्होंने 16 और 19 फरवरी को समीक्षा की था।
ऐसे में मुख्य सचिव के आने को लेकर संशय पहले से ही व्यक्त किया जा रहा था लेकिन प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली थी। मुख्य सचिव के दौरे के मद्देनजर हवाई पट्टी से सर्किट हाउस और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अफसरों की तैनाती कर दी गई थी।
मुख्य सचिव को दिन में 12:15 बजे यहां पहुंचना था लेकिन लगभग सवा दस से साढ़े दस बजे के बीच टेलीफोन से ही कार्यक्रम रद्द किए जाने की सूचना जिला प्रशासन को मिल गई। सभी अफसरों को भी इसकी सूचना भेज दी गई। इसके बाद मुख्य सचिव के कार्यक्रम में पहुंचने वाले अफसर अपने रुटीन कार्यों की ओर रुख कर गए।