फैजाबाद। अयोध्या के प्रसिद्ध कार्तिक पूर्णिमा और परिक्रमा मेले को लेकर प्रशासन की तैयारी तेज हैं। 14 कोसी, पंचकोसी परिक्रमा क्षेत्र के साथ ही मेला क्षेत्र को जोन व सेक्टरों में बांटा गया है।
इनमें जोनल, सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से बड़ी संख्या मेें फोर्स की तैनाती की जाएगी। परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेला पांच नवंबर से शुरू होकर 12 नवंबर तक चलेगा।
डीएम कार्यालय ने भी अयोध्या मेले के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती किए जाने की पुष्टि की है। जिलाधिकारी कार्यालय ने भी परिक्रमा और कार्तिक पूर्णिमा मेले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था के मद्देनजर मजिस्ट्रेटों के लगाए जाने की बात कही है।
चौदहकोसी परिक्रमा मार्ग व्यवस्था
फैजाबाद व अयोध्या शहरों की परिधि पर होने वाली 14कोसी परिक्रमा के लिए प्रशासन ने पुख्ता व्यवस्था की है। पूरे परिक्रमा क्षेत्र को पांच जोन में बांटा गया है। इसमें जोनल के साथ दो सेक्टर व दो स्टैटिक मजिस्ट्रेट लगा गए हैं। दूसरे जोन में जोनल के साथ दो सेक्टर मजिस्ट्रेट और दो आरक्षित मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। तृतीय जोन में जोनल के साथ एक सेक्टर व चार स्टैटिक और दो आरक्षित मजिस्ट्रटों की तैनाती की गई है। चतुर्थ जोन में जोनल मजिस्ट्रेट के साथ एक सेक्टर, दो सब सेक्टर और 18 स्टैटिक और दो आरक्षित मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। पंचम जोन में जोनल के साथ दो सेक्टर और एक सेक्टर दो स्टैटिक और दो आरक्षित मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
पंचकोसी परिक्रमा व्यवस्था
पंचकोसी परिक्रमा अयोध्या नगर की सीमा पर चलती है। शांति व सुरक्षा व्यवस्था के लिए इसे तीन जोन में बांटा गया है। प्रथम जोन में जोनल के साथ एक सेक्टर और 17 स्टेटिक और दो आरक्षित मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। द्वितीय जोन में जोनल के साथ दो सेक्टर, चार स्टेटिक और दो आरक्षित, चार स्टैटिक और दो आरक्षित मजिस्ट्रेट, तृतीय जोन में जोनल के साथ एक सेक्टर, दो स्टैटिक, दो आरक्षित मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।