अवध विश्वविद्यालय की मुख्य परीक्षा में मंगलवार को कई परीक्षा केंद्रों पर जमकर नकल मिली। परीक्षार्थी एक दूसरे का टीपते हुए तो मिले ही, नकल सामग्री भी भरपूर बरामद हुई। कई जगह उत्तर पुस्तिकाएं बिल्कुल एक जैसी मिली।
अंबेडकरनगर के देव इन्द्रावती पीजी कॉलेज कटहरी, प्रतापगढ़ के पूरे बुद्विधर पीजी कॉलेज बाबागंज एवं शांती जगदीश महाविद्यालय रानीगंज कैथोला तथा इरम डिग्री कॉलेज मेलारायगंज में उड़ाका दस्ते ने सामूहिक नकल पकड़ी है।
अमेठी के आचार्य विनोबा भावे पीजी कॉलेज प्रेमनगर में मिली सामूहिक नकल के कारण यहां का परीक्षा केंद्र निरस्त कर दिया गया। 30 मार्च से होने वाली परीक्षाएं केएनआईपीएसएस सुलतानपुर में होगी। अंबेडकरनगर के देव इन्द्रावती पीजी कॉलेज कटहरी में तीन नकलची पकड़े गए।
कई कक्षों में उत्तर पुस्तिकाओं में समान क्रम में उत्तर को देखते हुए उड़ाका दल ने सामूहिक नकल की पुष्टि की। प्रतापगढ़ के पूरे बुद्विधर पीजी कॉलेज बाबागंज एवं शांती जगदीश महाविद्यालय रानीगंज कैथोला में उड़ाका दल ने सामूहिक नकल की पुष्टि की।
द्वितीय पाली में इरम डिग्री कॉलेज मेलारायगंज में एक नकलची पकड़ने के साथ उत्तर पुस्तिकाओं में समान क्रम में उत्तर को देखते हुए उड़ाका दल ने सामूहिक नकल की पुष्टि की।
प्रथम पाली में उड़ाका दल ने अंबेडकरनगर के संत द्वारिका प्रसाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटवा मोहम्मदपुर मे पांच नकलची, गोंडा के केआरएस कॉलेज ऑफ हायर एजूकेशन एवं सरयू डिग्री कॉलेज करनैलगंज में एक-एक नकलची पकड़े।
प्रथम पाली में प्रतापगढं के पनाउ देवी महाविद्यालय केवटली पट्टी में बीएससी प्रथम वर्ष के भौतिकी के द्वितीय प्रश्नपत्र की नकल सामग्री बरामदगी होने पर उसे केन्द्राध्यक्ष द्वारा सीलबंद कर उड़ाका दल को सौंपा गया।
नारायण महाविद्यालय गधियांवा पट्टी में दो नकलची के साथ नकल सामग्री की बरामद की गई। द्वितीय पाली में प्रतापगढ़ के अवधेश सुरेश सिंह महाविद्यालय में बीएससी दूसरे वर्ष के भौतिकी द्वितीय प्रश्नपत्र का गाइड कक्ष निरीक्षकों के पास से बरामदगी होने पर कक्ष निरीक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर दिया गया।