अयोध्या। बिहार के शिक्षक इंद्रदेव पासवान की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक के बेटे राहुल कुमार की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया है।
शिक्षक हत्याकांड में पुलिस पूरे काजी मजरे बाबूपुर गांव निवासी तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार, हत्या से पूर्व मृतक गांव में आया था। इसकी जानकारी इन्हीं तीनों को थी।
इन लोगों से बताया था कि हमारे पीछे बदमाश लगे है और हमारी हत्या कर देंगे लेकिन, इसकी सूचना न तो ग्राम प्रधान को दिया और न ही पुलिस को। यही नहीं तीन बजे भोर में यही तीनों मृतक को गांव से बाहर हाईवे तक छोड़ने गए थे और चार बजे के आसपास बाग में अन्य ग्रामीणों ने किसी के चिल्लाने की आवाज सुनी थी।
थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि पुलिस शिक्षक के हत्यारों के काफी नजदीक पहुंच गई है, जल्द ही तस्वीर साफ हो जाएगी। ध्यान रहे कि बाबूपुर गांव के दक्षिण छोर पर शिक्षक इंद्रदेव पासवान का शव मिला था। उसकी हत्या गला रेतकर की गई थी।