अयोध्या। खंडासा थाना क्षेत्र में अश्लील वीडियो डाउनलोड करने वालों के विरुद्ध चलाए गए अभियान में 8 दुकानदारों पर केस दर्ज किया गया है। एंटी पाइरेसी के प्रतिनिधि सूरज सिंह अलीगढ़ निवासी की तहरीर पर 8 लोगों के विरुद्ध केस पंजीकृत किया गया है।
पुलिस ने अश्लील वीडियो डाउन लोड करने वालों के खिलाफ अभियान के तहत थाना खंडासा क्षेत्र के अमरगंज बाजार, संत नगर, सतनापुर व महात्मा गांधी चौराहा पर दुकानों पर छापा मारा और आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। रविवार को एंटी पाइरेसी विभाग के प्रतिनिधियों ने क्षेत्र की प्रमुख बाजारों में रेकी करते हुए दिन भर अश्लील वीडियो डाउन लोड करने वालों को चिह्नित किया था।
देर शाम चिह्नित की गई दुकानों पर स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर आठ दुकानदारों को लैपटॉप व पेनड्राइव सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए दुकानदारों में अमरगंज बाजार के अश्वनी कौशल, मो. तारिक, अर्जुन कुमार, संत नगर के संकुश कुमार, सतनापुर बाजार के लवकुश, महात्मा गांधी चौराहे के प्रमोद कुमार, सूर्यनाथ व जयराम को पुलिस ने गिरफ्तार किया। दुकानदारों के पास से प्राप्त लैपटॉप व पेन ड्राइव की जांच की जा रही है। थानाध्यक्ष आरके राणा ने बताया मुकदमा दर्ज कर लैपटॉप व पेनड्राइव की जांच की जा रही है। आरोपी दुकानदारों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया है।