अयोध्या। हिंदू नेता व बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के आरोपी संतोष दूबे की बाइक को अज्ञात कार सवार ने टक्कर मार दी। हिंदू नेता ने आरोप लगाया कि कार सवार ने उन्हें व उनके साथी को दो बार कुचलने की कोशिश की। हादसे में वो बाल-बाल बच गए लेकिन, उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
पुलिस को दी तहरीर में संतोष दूबे ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे वह अपने साथी बृजेश दूबे के साथ बाइक से अपने गांव बीकापुर जा रहे थे। इस दौरान पूराकलंदर थाना क्षेत्र के मसौधा के आगे एक कार सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद उन्हें कार सवार ने दोबारा कुचलने का प्रयास किया। बाद में भीड़ एकत्र होने के बाद वो मौके से फरार हो गए। बताया कि हादसे में उनके साथी बृजेश दूबे को गंभीर चोटें आई हैं, उनका इलाज चल रहा है। इस संदर्भ में थाना प्रभारी पूराकलंदर मारकंडेय सिंह ने बताया घटना की तहरीर मिली है, जांच की जा रही है।