नहर कटने से खेतों में जाता पानी।
- फोटो : अमर उजाला
नहर विभाग की लापरवाही से परमानपुर माइनर मंगलवार रात फिर कट गई। इसके चलते सैकड़ों बीघा धान की फसल पानी में डूब गई है। यह फसल अब नष्ट होने के कगार पर है। यहीं नहीं खेतों में पानी भरा होने से पकी हुई फसल भी किसान काट नहीं पा रहे हैं।
इस बीच ग्रामीणों ने माइनर बांधने के नहर विभाग को सूचना भी दी लेकिन कोई भी अफसर और कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। विकासखंड मया बाजार में शारदा सहायक नहर से निकलने वाली परमानपुर माइनर तेज बहाव के चलते एक सप्ताह पूर्व कट गई थी।
इसके कारण आसपास के कई बीघा खेतों में पानी भर गया और फसलें जलमग्न हो गईं। ग्रामीणों ने इसकी सूचना संबंधित विभाग के अधिकारियों को दी लेकिन उन्होंने कटी माइनर को बंधवाने का कोई प्रयास नहीं किया। मजबूरन ग्रामीणों ने सोमवार को उसे बांध दिया लेकिन मंगलवार रात में माइनर उसी स्थल पर फिर से कट गई।
माइनर का पानी परमानपुर, बोधीपुर व बीरशाहपुर के सैकड़ों बीघा खेतों में भरा हुआ है। बीरशाहपुर के किसान विजय वर्मा, अशोक कुमार वर्मा, रामदयाल, गिरिजा प्रसाद वर्मा, बोधीपुर के किसान खदेरू प्रसाद के धान की फसल पक गई है लेकिन खेतों में पानी भरा होने से कटाई नहीं हो पा रही है।
जिससे किसानों की पकी खड़ी फसल के बर्बाद हो रही है। बीरशाहपुर के किसानों ने बताया कि सूचना देने के बावजूद विभाग माइनर को बंधवाने नहीं पहुंचा। जिससे अगेती व पछेती दोनों तरह की फसलों को नुकसान हो रहा है। इस संबंध में एसडीएम राजीव रंजन ने बताया कि जल्द ही माइनर को बंधवा दिया जाएगा।