अयोध्या। जिलाधिकारी नितीश कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपदीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। डीएम ने अधिकारियों को सड़कों से अतिक्रमण हटाने और हाईवे से मिलने वाले लिंक रोड पर स्पीड ब्रेकर बनवाने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने डीआईओएस से कहा कि रोड सेफ्टी क्लब के गठन का प्रसार-प्रसार करें। एआरटीओ पांच बड़े प्राथमिक स्कूलों में 10 सुरक्षा नियम अंकित कराएं। रोडवेज के आरएम से कहा कि बस अड्डे के बाहर सड़क पर बसें खड़ी न दिखें। सीडीओ व डीपीआरओ को सभी ग्राम पंचायत सचिवालयों में भी यह नियम लिखवाने के निर्देश दिए। इसके साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। बैठक में सीडीओ अनिता यादव, एसडीएम सदर विशाल कुमार व संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।