जिला प्रशासन की लचर तैयारी चौदह कोसी परिक्रमा मेले में खुलकर सामने आ गई है। अयोध्या के सरयू तट स्थित परिक्रमा मार्ग पर घुसे सांड़ के हमले में एक बुजुर्ग महिला श्रद्धालु का पेट फट गया। आननफानन में उसे श्रीराम चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना परिक्रमा के दौरान शाम लगभग साढ़े पांच बजे की है। गोरखपुर जिले के मिश्रौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत हरपुरबुधहट की कृष्णा मिश्रा (60) पत्नी संत सहाय मिश्र परिवारीजनों के साथ चौदहकोसी परिक्रमा कर रही थीं।
परिक्रमा करते हुए वह अयोध्या के सरयू तट स्थित नयाघाट से आगे बढ़ रहीं थीं इसी दौरान भीड़ में घुसे आवारा सांड़ ने हमला कर दिया। इससे मची भगदड़ में दूसरे श्रद्धालु भी गिरकर चुटहिल हुए लेकिन वह अपनी जान बचाने में कामयाब हो गए।
कृष्णा सांड़ के सीधे चपेट में आ गई। सांड़ ने सींग उसके पेट में घुसा दी, इसके बाद तो कृष्णा की आंतें बाहर आ गई। यह देख मेले में अफरातफरी मच गई। मामला शहरी क्षेत्र का होने के कारण थोड़ी दूर पर स्थित एंबुलेंस को बुलाया गया और घायल महिला को श्रीराम चिकित्सालय ले जाया गया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि सरयू तट पर सांड़ के हमले में महिला श्रद्धालु घायल हो गई, जिसे अस्पताल भेजवाया गया है।
बता दें कि जिला प्रशासन ने पशु मालिकों को मेले के दौरान अपने पशुओं को बांध कर रखने की हिदायत दी थी। साथ ही आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए विभिन्न विभागों की टीम बनाए जाने का निर्देश दिया था लेकिन यह सब जैसे हवाई रह गया।
मेले में आवारा सांड़ घूम रहे हैं। इसके पूर्व बीते वर्ष राम नवमी मेले में सांड़ के हमले में एक श्रद्धालु की मौत भी हो गई थी। कई अन्य सांड़ों की लड़ाई व हमले में घायल हो गए थे लेकिन प्रशासन ने इससे सबक नहीं लिया, जिसका परिणाम रहा कि मंगलवार को परिक्रमा में एक महिला श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मी हो गई है।