14 व पंचकोसी परिक्रमा मार्ग से प्रभावित लोगों केसाथ डीएम ने की बैठक
अयोध्या। प्राचीन मठ, मंदिरों को यथासंभव संजोए रखते हुए 20 मीटर चौड़े पंचकोसी व 14 कोसी मार्ग के निर्माण में प्रभावित लोगों/दुकानदारों/भूस्वामियों को नियमानुसार मुआवजा जाएगा। पूरी कोशिश है कि कम से कम लोग ही प्रभावित हों। ये जानकारी जिलाधिकारी नितीश कुमार ने शुक्रवार को पंचकोसी और 14 कोसी परिक्रमा मार्ग के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण से प्रभावित लोगों के साथ कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित दूसरी बार बैठक में कही।
उन्होंने पूर्ण रूप से विस्थापित होने वाले लोगों को नियमानुसार पुनर्वासित करने जैसे मुद्दों पर चर्चाकर विस्तृत जानकारी दी। लोगों की शंकाओं का समाधान किया गया। डीएम ने बताया कि पीडब्ल्यूडी व राजस्व लेखपालों से किए गए दोनों मार्गों के सर्वे में मिली समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। लोगों से इसको लेकर बातचीत की जा रही है।
बैठक मेंं एडीएम प्रशासन ने मार्ग की चौड़ीकरण से प्रभावित लोगों को बताया कि उनकी भूमि का सर्किल रेट का दो गुना मुआवजा प्रदान किया जाएगा। मकान का मुआवजा राम पथ की तर्ज पर पीडब्ल्यूडी के निर्धारित दर 15561 रुपये प्रति वर्ग मीटर की दर से मूल्यांकन करके भवन स्वामियों को भुगतान किया जाएगा। कई लोगों ने सुझाव भी दिया। इस डीएम ने विचार करने के लिए आश्वासन दिया। कहा कि प्रयास होगा कि जो जहां पर है वहीं पर उनको आवासित किया जाए। उनके दुकान एवं रोजगार वही कायम रहे। कहा कि और भी बैठकें करके जनसामान्य के साथ समन्वय स्थापित करते हुए आगे का कार्य किया जाए। बैठक में एडीएम प्रशासन अमित सिंह, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर विशाल कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी प्रांतीय खंड सहित मार्ग के चौड़ीकरण से प्रभावित भूस्वामी, भवन स्वामी, दुकानदार व संत गण मौजूद रहे।