रुदौली में केशव प्रसाद मौर्या।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर बुआ और बबुआ की 14 साल की सरकारों की जांच कराएंगे। उन्होंने सपा-बसपा रूपी कैंसर को खत्म करने की अपील की।
कहा कि सपाई झंडा गुंडागर्दी का प्रमाण-पत्र है, जिसे बांध कर अपराध किए जा रहे हैं। सपा और बसपा को नागनाथ और सांपनाथ की संज्ञा दी। बसपा पर तंज कसते हुए कहा कि मायावती दलित की नहीं, दौलत की बेटी हैं।
श्री मौर्य ने सीधे तौर पर सपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भूमाफियों 11 मार्च से पहले अवैध कब्जे की भूमि खुद ब खुद खाली कर दो, वर्ना 11 के बाद ऐसी सजा दूंगा कि तुम्हारी 10 पीढ़ियां याद रखेंगी।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शुक्रवार को एचआई कॉलेज, रुदौली के मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। कहा कि मैं विरोधियों की जमानत जब्त कराने के लिए आया हूं। महाराष्ट्र, उड़ीसा, मध्य प्रदेश व स्नातक एमएलसी के चुनावों में परिणाम से साबित हो गया कि पूरा भारत मोदी मय है।
चार चरणों के मतदान में साइकिल पंचर हो गई और हाथी बेहोश। सपा सरकार में अपराधी पुलिस से नहीं बल्कि पुलिस अपराधी से डरती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश के काम नहीं बोलते, कारनामे बोलते हैं।
उन्होंने कहा कि 11 मार्च को ही शपथ लेने के तुरंत बाद किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। बिना ब्याज के नया ऋ ण दिया जाएगा। भूमिहीन परिवारों को दो लाख का बीमा देंगे। बीपीएल कार्ड से वंचित लोगों के लिए गरीब कल्याण कार्ड बनाएंगे। इसी कार्ड से इलाज व पढ़ाई आदि की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।