शिक्षकों द्वारा पिटाई के बाद अपनी चोट दिखाते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
एसपी सिटी कार्यालय के पास स्थित आदर्श इंटर कॉलेज में बुधवार को कक्षा छह के दो बच्चों की एक शिक्षक ने बेरहमी से पिटाई कर दी। इसमें एक बच्चे के हाथ की अंगुली और दूसरे के सीने में चोट आई है। सूचना पर पीड़ित पक्ष ने बच्चों को जिला अस्पताल ले जाकर इलाज कराया। आरोपी अध्यापक के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दी गई है।
कक्षा के छह-ए के छात्र सुमिरन गौड़ और विशाल गौड़ ने आरोप लगाया कि दोपहर करीब साढ़े 12 शिक्षक संदीप ओझा ने ग्लोब के विषय में सवाल किया। इस दौरान जवाब से वे आक्रोशित हो गए। उन्होंने दोनों को गुस्से में पीट दिया जिसके कारण अंगुली, हथेली और सीने में चोट आ गई है।
यह सूचना जैसे ही बच्चों के घर दिलकुशा धारा रोड पहुंची, अभिभावक तैश में आ गए। पहले कोतवाली पहुंचे, फिर जिला अस्पताल पहुंच बच्चों का इलाज कराया। अभिभावक नन्कन गौड़ ने कहा कि पुलिस को तहरीर दी है लेकिन उसने गुरुवार को बुलाया है।
नगर कोतवाल अरविंद कुमार जायसवाल ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच कर उचित कार्यवाही की जाएगी। उधर, आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य वरुण प्रताप सिंह ने कहा कि दोनों पक्षों ने अधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी है। जैसे ही जानकारी दी जाएगी, उचित कार्यवाही की जाएगी।